अमरपाटन : जिले के थाना क्षेत्र के ग्राम खरमसेड़ा में आज एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. जहां एक गहरे कुएं में गिरे बैल को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में उतरे तीन ग्रामीणों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में एक अन्य ग्रामीण भी बेहोश हो गया, जिसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरमसेड़ा गांव में एक बैल अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में गिर गया था. बैल को संकट में देख उसे सकुशल बाहर निकालने के लिए गांव के कुछ युवक और ग्रामीण बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के कुएं में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुएं के भीतर अत्यधिक जहरीली गैस का गुबार बना हुआ था, जिसकी भनक नीचे उतरने वाले लोगों को नहीं लग सकी.
जैसे ही ग्रामीण कुएं की गहराई में पहुंचे, जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा. देखते ही देखते कुएं के अंदर चीख-पुकार मच गई उन्हें बेसुध होते देख बाहर खड़े अन्य ग्रामीणों ने आनन-फानन में स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अचेत हो चुके चारों लोगों को किसी तरह कुएं से बाहर निकाला.
पीड़ितों को लेकर ग्रामीण तुरंत सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण के उपरांत तीन ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया जिसमें से राहुल यादव, वीरेंद्र यादव ,कृष्णदत्त यादव और रामचंद्र यादव गंभीर रूप से बेहोश है उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना प्रभारी, एसडीओपी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत सिविल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुएं में किस तरह की गैस थी, इसकी जांच की जा रही है. स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
