मैनचेस्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मॉर्ने मॉर्कल ने अपना बयान देते हुए कहा ‘वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में फिलहाल अभी समय है।
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैभव के टीम में शामिल होने या उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद फिलहाल संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह पर कोई खतरा नहीं है।
मॉर्कल का कहना है कि भारतीय टीम उन खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखेगी जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम को आईसीसी टूर्नामेंटों (ICC) में सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
कोई बड़े बदलाव करने के पक्ष में नहीं
मैनचेस्टर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मॉर्कल ने कहा कि किसी भी टीम की सफलता का आधार खिलाड़ियों पर विश्वास और उन्हें लगातार मौके देना होता है। उन्होंने कहा कि विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों को कुछ मैचों के आधार पर नहीं आंका जा सकता। ऐसे खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और उनका अनुभव भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए टीम मैनेजमेंट जल्दबाजी में कोई बड़ा बदलाव करने के पक्ष में नहीं है।
वैभव में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने की पूरी क्षमता है- मॉर्कल
हालांकि, मॉर्कल ने वैभव सूर्यवंशी की काबलियत की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में जिस तरह वैभव ने नेट्स में की अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है, वो बेहद ही शानदार है। उनके अंदर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने की पूरी क्षमता है। मॉर्कल ने वैभव पर भरोसा जताते हुए कहा कि जब भी वैभव को भारतीय टीम की ओर से खेलने का मौका मिलेगा, वो पूरी तरह तैयार होंगे और अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।
टीम में बने रहेंगे अभिषेक और संजू
उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा T20 क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज रह चुके हैं और संजू सैमसन वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, हमें ये सब ना भूलते हए अपने खिलाड़ियों पर भरोसा रखना चाहिए। मॉर्कल ने ये भी संकेत दिया कि टीम मैनाजमेंट युवा खिलाड़ियों को धीरे-धीरे तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है, ताकि उन्हें सही समय पर सही अवसर मिल सके। मॉर्कल के अनुसार, अनुभव और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाए रखना ही टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत है।
