
कन्नौद, खातेगांव विधानसभा के ग्राम पंचायत पटरानी के ग्राम खिवनी खुर्द के बच्चों की एक तस्वीर भाजपा की डबल इंजन सरकार के विकास दावों की हकीकत उजागर कर रही है।
यहां के स्कूली छात्रों को हर दिन स्कूल पहुंचने के लिए नदी पार करनी पड़ रही है। नदी पर न कोई पुल है न पुलिया। बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजरकर स्कूल जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
*”हादसे का इंतजार कर रहे जनप्रतिनिधि”*
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि सत्ताधारियों को चैन की नींद कैसे आती है? क्या जनप्रतिनिधि किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष बारिश के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इसी मार्ग से खिवनी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी आंखों से बच्चों की दिक्कत देखी थी। यह क्षेत्र उनके संसदीय क्षेत्र में भी आता है, इसके बावजूद अब तक सड़क और पुल की समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए और खिवनी खुर्द में पुल-पुलिया का निर्माण कराया जाए।
