सतना: स्मार्ट सिटी सतना में जब से सीवर लाइन बिछाने से लेकर रेस्टोरेशन का कार्य शुरु हुआ है तब से ही उसके साइड इफेक्ट ने नगरवासियों को मुसीबत में डाल रखा है. संबंधित ठेकेदारों का बेपरवाह रवैया और गुणवत्ताहीन कार्यों के आरोपों के बीच गाहे-बगाहे दुर्घटना भी सामने आती रहती है. इसी कड़ी में सोमवार की सुबह शहर के रामटेकरी क्षेत्र में स्थित एक घर के सामने सीवर लाइन के गड्ढे की मिट्टी में धंस जाने के कारण बालू से लदा हाइवा पलट गया. जिसकी चपेट में आने से 3 घर के बाहर आए लोग घायल हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालू से लदा एक हाइवा सोमवार की सुबह शहर में प्रवेश करने के बाद वार्ड क्र. 17 रामटेकरी नई बस्ती की ओर जाने लगा. बताया गया कि सुबह लगभग 9 बजे जैसे ही उक्त हाइवा क्र. एमपी 19 जेड ई 8896 गली नंबर 1 में गया तो कुछ आगे जाने पर वह सीवर लाइन के लिए बने गड्ढे में फंस गया. चालक द्वारा जब आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो तो हाइवा गड्ढे में और धंसने लगा. बाहर हो रहे शोर गुल को सुनकर गली के घर में रहने वाले छेदीलाल वर्मा, उनकी पत्नी मंगती बाई और बेटा विजय वर्मा देखने के लिए बाहर निकले.
इसी दौरान गड्ढे की मिट्टी नीचे धंसने लगी और देखते ही देखते हाइवा पलट गया. जिसकी चपेट में आने के कारण घर के बाहर निकले तीनों सदस्य घायल हो गए.घटना होती देख मोहल्ले में हडक़ंप मच गया. आनन-फानन में लोग भागते हुए वहां पहुंचे और बालू हटाकर उसमें दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरु किया. डायल 112 वाहन की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर छेदीलाल के पैर में गंभीर चोट पाई गई. जबकि मंगती बाई और विजय को सामान्य चोटें आईं. तीनों को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह तो गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति सीधे तौर पर पलटते ट्रक की चपेट में नहीं आया. अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं घटना के फौरन बाद ही हाइवा चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर चालक की तलाश शुरु कर दी गई.
