
शिवपुरी। नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में शिवपुरी में 6.21 करोड़ की चरस बरामद की गई है। कार्रवाई में पुलिस ने तस्कर संदीप सिंह सिख निवासी रमतला कोलारस को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क नेपाल तक फैला हुआ था। वह नेपाल से चरस लाकर भारत में उसकी तस्करी करता था। लंबे समय से चल रही इस अवैध गतिविधि के जरिए आरोपी ने काली कमाई से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि संदीप सिंह ने अपनी छवि को बचाने और गतिविधियों को छिपाने के लिए राजनीतिक हस्तियों से भी संबंध बना लिए थे। पुलिस अब आरोपी की संपत्तियों और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। यह शिवपुरी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ जब्ती मानी जा रही है जिससे एक बड़े तस्करी रैकेट का पर्दाफाश हुआ है।
