
महाकौशल की डायरी
अविनाश दीक्षित
दो आरोपियों के साथ मिलकर पुलिस के साथ आंख मिचौली का खेल खेलकर छिप रहीं निलंबित, फरार सीएसपी नेहा पच्चीसिया जैसे ही सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम आईडी पर सक्रिय दिखीं तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के एकाउंट से लगातार पोस्टें की जा रहीं हैं जिससे स्पष्ट हो चुका है कि वो इंस्टाग्राम में सक्रिय होकर बाहरी तौर पर क्या चल रहा है उसकी जानकारी जुटा रहीं हैं। अगस्त से लेकर अभी तक एकाउंट से कई बार फोटो व अन्य चीजें पोस्ट हुई हैं। वहीं कटनी जिले में चर्चाएं ये भी हैं कि पुलिस महकमे को पता है कि निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया कहां रह रहीं हैं लेकिन विभाग के अफसर होने के नाते उन्हें अंदरूनी तौर पर रियायत दी जा रही है। सवाल ये भी खड़े हो रहे हैं कि पुलिस चाहे तो आरोपी के बारे में परिजनों को भी निशाना बनाकर सब कुछ सामने ला सकती है मगर इस मामले में ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है जिससे पुलिसिया कार्रवाई पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
अगस्त माह में कन्हवारा के एक हत्या के मामले में रमेश पटेल, उसके बेटे व दामाद को आरोपी बनाया गया था। मामले में सीएसपी रहीं नेहा पच्चीसिया जांच कर रही थीं। आरोपियों से सांठगांठ कर उनको डिफाल्ट बेल का लाभ दिलाने और उसके बाद आरोपी की एक करोड़ से अधिक की जमीन अपने करीबी क्षितिज राज व मारूफ अहमद के साथ मिलकर सस्ते में अपने नाम कराने का आरोप उन पर लगा था। विदित हो कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया को निलंबित किया गया था और मामले की जांच आईजी जबलपुर ने की थी, जांच के बाद नेहा पच्चीसिया और उनके दो करीबी क्षितिज राज व मारूफ अहमद के खिलाफ कुठला पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आलम ये रहा कि निलंबित सीएसपी दो अन्य आरोपियों के साथ पिछले 3 माह से फरार चल रहीं हैं लेकिन सोशल मीडिया में बराबर सक्रिय भी हैं। आश्चर्यजनक बात यह भी है कि तीनों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी भी गठित की गई है परन्तु एसआईटी के हाथ अब भी खाली हैं।
संदिग्ध अफसरों की फूलने लगी सांसें, मंत्री एक्शन मोड पर…
कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए 4 करोड़ रुपए के लगभग 10,973 से 10,975 क्विंटल सरकारी फोर्टिफाइड चावल जब जिलों में नहीं पहुंचा और मामले को करीब 3 माह तब दबाए रखा गया तो भ्रष्टाचार के तमाम सवाल अपने आप ही खड़े हो गए। सरकारी अनाज की परिवहन व्यवस्था और निगरानी तंत्र में ये कितनी बड़ी चूक थी इसका अंदाजा लगाना भी अब मुश्किल साबित हो रहा है क्योंकि फोर्टिफाइड चावल से भरे 32 ट्रकों के गायब होने से खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रशासनिक जवाबदेही सभी कटघरे में खड़ी हो गई। सवाल खड़े हुए कि आखिर इतना बड़ा घोटाला बिना सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की संलिप्तता से कैसे घटित हो गया।
करीब 3 महीने तक मामला दबा रहने के बाद भोपाल मुख्यालय तक पहुंचा, जिसके बाद ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी किया गया और गबन की शिकायत ईओडब्ल्यू तक पहुंची, फिर खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कटनी जिले से फोर्टिफाइड चावल के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने के लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए और अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। सार्वजनिक रूप से खाद्य मंत्री द्वारा कही बातों से ये तो स्पष्ट हुआ कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से की जाएगी लेकिन धरातल पर ये जांच किन माननीयों को बचाकर की जाती है ये अभी भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है। नियमों की माने तो सार्वजनिक वितरण व खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में सबसे महत्वपूर्ण है। खबर है कि कई संदिग्ध अफसरों की सांसें अब ऊपर नीचे हो रहीं हैं क्योंकि इसमें मंत्री ने हस्तक्षेप कर दिया है और अब वे कार्रवाई से बचने अपने अपने आकाओं के दरबार में भी दस्तक देने में जुट गए हैं।
