
उमरिया। जिले के इंदवार थाना परिसर से एक संदेही के फरार होने की घटना ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। लूटकांड की जांच के दौरान पूछताछ के लिए थाने लाए गए युवक के पुलिस को चकमा देकर फरार होने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस प्रशासन ने इंदवार थाना प्रभारी विजय पाटले, सब इंस्पेक्टर अमर बहादुर सिंह और एएसआई सूर्य बहादुर सिंह को सस्पेंड कर दिया। एडिशनल एसपी सीताराम सत्य ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अभिरक्षा में लापरवाही सामने आने पर यह कदम उठाया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
सराफा व्यापारी लूटकांड से जुड़ा है मामला
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों पाली थाना क्षेत्र के घुनघुटी अंतर्गत ग्राम चौरी में एक सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच करते हुए सत्यम बसदेवा निवासी कटनी और नागेश बसदेवा निवासी ग्राम चिमटा को गिरफ्तार किया था।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम पलझा में हुई एक अन्य लूट में भी शामिल होने की बात कबूल की। इसके बाद इंदवार पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी।
जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर कटनी जिले के बरही निवासी बंटी ताम्रकार को पूछताछ के लिए इंदवार थाने लाया गया था। पुलिस को शक था कि वह लूट और चोरी का सामान खरीदने में शामिल है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को पूछताछ के दौरान मौका मिलते ही बंटी ताम्रकार पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया था।
