
भोपाल। वर्षों पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ ने मंगलवार को वल्लभ भवन क्रमांक 01, कक्ष क्रमांक 506 में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने स्वागत भाषण में कहा कि संगठन कर्मचारियों की मांगों के लिए संघर्ष के साथ-साथ कल्याणकारी गतिविधियों पर भी समान रूप से ध्यान देता है। समारोह में मंत्रालय परिवार के 30 मेधावी बच्चों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कर्मचारी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले कई पत्रकारों का भी सम्मान किया गया, जिनमें प्रवीण दुबे, धनंजय प्रताप सिंह, वैभव श्रीधर, अनूप डुबोलिया, संजय दुबे, मृगेंद्र सिंह, हरिचरण यादव, चरण सिंह चौहान, वीरेन्द्र शर्मा और वीरेन्द्र सिंह राजपूत शामिल हैं।
इस अवसर पर 10 मंत्रालयीन कर्मचारियों को फाइलों पर उत्कृष्ट टिप्पणी लेखन के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही पिछले 17 वर्षों से प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर वंदे मातरम् का गायन करने वाली टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। वर्ष 2024 में मंत्रालय परिसर में लगी आग को अपनी जान जोखिम में डालकर बुझाने वाले 6 कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, स्वयं की पुस्तकें प्रकाशित करने वाले ओ पी शर्मा और कविता शिरोले को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों में तैराक मनोज गुप्ता और जूडो-कराटे प्रशिक्षक जागृति पटेल को भी सम्मान मिला।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने इस प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष रूप से फाइलों पर उत्कृष्ट टिप्पणी करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन आशीष सोनी ने किया। समारोह में अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
