दोनों थानों की पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही आरोपी की तलाश
इंदौर:शहर में लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. तुकोगंज इलाके में एक महिला के साथ चेन लूट की वारदात हुई, जब वह अपने चचेरे भाई के साथ टहल रही थी. इसी गिरोह ने लसूडिया इलाके में भी एक अन्य महिला को निशाना बनाया. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है.रानी सती गेट के पास रहने वाली पीड़िता श्रद्धा जैन ने पुलिस को बताया कि रात जब वह अपने भाई प्रखर के साथ घूम रही थी, तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश आए.
उन्होंने पहले पता पूछने का बहाना किया और फिर झपट्टा मारकर श्रद्धा की सोने की चेन खींचने की कोशिश की. महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का हाथ पकड़ लिया, जिससे आधी चेन बदमाशों के साथ चली गई और आधी उसके हाथ में रह गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. तुकोगंज थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है.
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस को एक आरोपी के हाथ पर टैटू का सुराग मिला है, जिससे उनकी पहचान में मदद मिल रही है. पुलिस को शक है कि तुकोगंज में लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले इन बदमाशों ने लसूडिया इलाके में भी एक महिला से चैन लूटी थी. पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है और जल्द ही बदमाशों को पकड़ने का दावा कर रही है
