युवक पिछले दिनों से पारिवारिक तनाव में था
इंदौर:आजाद नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर, मूसाखेड़ी इलाके में एक ठेकेदार ने मानसिक तनाव के चलते खुदकुशी कर ली. 45 वर्षीय दिलीप वर्मा ने घर के अंदर फांसी लगाने से पहले अपने 15 साल के बेटे को बहाने से बाहर भेज दिया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.
घटना देर रात करीब 1 बजे की है. दिलीप आत्महत्या करने से पहले बेटे सोनू और बेटी के लिए खाना लाया था.
खाना खिलाने के बाद उसने बेटे को टीवी चालू करने के लिए कहा. बिजली बंद होने पर बेटे को डांटकर बाहर भेज दिया. जब कुछ देर बाद बेटा कमरे में गया, तो उसने पिता को फंदे से लटका पाया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि दिलीप शादी और पार्टी ठेकेदारी का काम करता था. शादी के बाद से ही उसकी पत्नी किरण से रिश्ते तनावपूर्ण थे.
पत्नी बार-बार मायके चली जाती थी, जिससे दिलीप डिप्रेशन में था. कुछ दिनों पहले भी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वह अपने बच्चों के साथ रह रहा था. परिजनों का आरोप है कि दिलीप की पत्नी किरण और उसकी मां लक्ष्मी भार्गव उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं. उन्होंने ही उसे इस कदम के लिए मजबूर किया. आजाद नगर थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है. परिवार के लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है
