मुंबई, 18 फरवरी (वार्ता) अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर खान का कहना है कि सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी में उनके निभाये किरदार अन्विता के लिए यह समय बहुत भावुक और उलझन भरा है।
सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) की कहानी दिखाता है, जो हमेशा मुश्किल हालात में अपने परिवार के लिए मज़बूती से खड़ी रही है। उसने अपने पिता सुहास (वरुण बडोला) को शराब की लत से जूझते देखा है और इसके कारण कई दर्दनाक पल झेले हैं। लेकिन अब जब हालात बदलने लगे हैं, उसे अपने प्यार, माफ़ी और आत्मसम्मान को लेकर बड़ा फैसला लेना है।
आने वाले एपिसोड्स में सुहास रिहैबिलिटेशन से घर लौटता है, पूरी तरह सुधरा हुआ और नशे से दूर। अपने पिता को सचमुच अपनी ज़िंदगी सुधारने की कोशिश करते देख अन्विता को यकीन होने लगता है कि इंसान बदल सकते हैं। यही बदलाव उसे अपने विवाह के बारे में सोचने पर मजबूर करता है। संजय (ऋषि सक्सेना) ने गुस्से में उसे थप्पड़ मारा था, जिसके बाद अन्विता ने रिश्ता छोड़ दिया था। अब जब संजय उससे माफ़ी माँगता है और दूसरा मौका चाहता है, तो अन्विता सोचने लगती है कि क्या उसे भी एक और मौका देना चाहिए।
शो में अन्विता का किरदार निभा रही सुम्बुल तौकीर खान कहा, “अन्विता के लिए यह समय बहुत भावुक और उलझन भरा है। उसने बचपन से अपने पिता को संघर्ष करते देखा है, इसलिए जब वह सचमुच बदलने की कोशिश करते हैं तो उसे उम्मीद होती है कि लोग बदल सकते हैं। लेकिन अपने विवाह का दर्द वह भूल नहीं सकती। वह थप्पड़ सिर्फ एक घटना नहीं थी, उसने उसके आत्मसम्मान को हिला दिया था। इस समय अन्विता उम्मीद और डर के बीच फँसी हुई है।एक तरफ उसे लगता है कि प्यार सब ठीक कर सकता है, दूसरी तरफ उसे फिर से भरोसा करने का डर है। यह उम्मीद और डर का मिश्रण बहुत सच्चा है और मुझे लगता है कि बहुत लोग इससे जुड़ाव महसूस करेंगे।”
शो इत्ती सी खुशी, हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे, सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।

