
ब्यावरा। नगर में सिख समाज बंधुओं द्वारा सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर एक भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा का आयोजन किया गया. शोभायात्रा पंच प्यारो की अगुवाई में निकाली गई.
गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की पवित्र सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही. शोभायात्रा में गुरु के लालों ने गतका कला का अद्भुत प्रदर्शन किया, जो मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा. गुरु की संगत मार्ग में झाडू लगाकर पानी का छिडक़ाव कर पुष्प वर्षा करते हुए अपने गुरु का स्वागत कर रहे थे.
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: गुरुद्वारा साहिब पर संपन्न हुई, जहां सभी श्रद्धालुओं ने अरदास कर गुरु नानक देव जी के उपदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.
गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी महाराज सिख धर्म के पहले गुरु हैं, उन्होंने समस्त मानव जाति के कल्याण हेतु अपना जीवन समर्पित किया.
