
ग्वालियर। पूर्व केबिनेट मंत्री भगवान सिंह यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल पंचायत व ग्रामीण मंत्री, दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री, उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष, जीतू पटवारी अध्यक्ष म. प्र. कांग्रेस कमेटी एवं मुख्य सचिव अनुराग जैन से आग्रह किया है कि प्रदेश के विभिन्न शहरों, तहसीलों, पंचायतों और प्रमुख चौराहों पर स्थापित राष्ट्रीय एवं प्रदेश के गौरव महापुरूषों की मूर्तियों की दुर्दशा पर तत्काल ध्यान दिया जाए।
यादव ने कहा कि प्रदेश के अनेक स्थानों पर शासन और जनप्रतिनिधियों की पहल पर देश के महान नेताओं एवं धार्मिक हस्तियों की मूर्तियाँ स्थापित की गयी हैं लेकिन इनकी उचित देखरेख नहीं हो पा रहीं है। कई जगहों पर मूर्तियों पर महीनों तक एक ही माला पड़ी रहती है, उन पर धूल जम जाती है, और उनकी पानी से सफाई वर्षों तक नहीं होती। यह स्थिति उन महान विभूतियों के प्रति अनादर का भाव प्रदर्शित करती है। शासन और स्थानीय निकायों को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
पूर्व मंत्री ने मांग की है कि सभी मूर्तियों की कम से कम महीने में एक बार पानी से धुलाई की जाए, प्रतिदिन पुष्पमाला अर्पित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उन हस्तियों के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ।
यादव ने कहा कि यह प्रयास प्रदेश में जनमानस के भीतर अपने महापुरूषों के प्रति सम्मान, आदर और प्रेरणा की भावना को सुदृढ़ करेगा।
