एसपी, एएसपी और अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को दिए दिशा-निर्देश
इंदौर: महू पुलिस प्रशासन की सतर्कता और अनुशासन को परखने के लिए शनिवार रात इंदौर ग्रामीण के विभिन्न थानों में औचक निरीक्षण किया गया. डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर एसपी, एएसपी और अन्य अधिकारियों ने अलग-अलग थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
एसपी ग्रामीण श्रीमती हितिका वासल ने सिमरोल थाने का निरीक्षण किया. अचानक एसपी को थाने में देख पुलिसकर्मी हतप्रभ रह गए. उन्होंने न केवल पूरे थाने का निरीक्षण किया बल्कि रिकॉर्ड की भी जांच की. इसी तरह, एएसपी ग्रामीण रूपेश कुमार द्विवेदी मानपुर थाना पहुंचे और हवालात सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने टीआई और स्टाफ से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
इस निरीक्षण अभियान के तहत एसडीओपी महू ने किशनगंज थाना, एसडीओपी सांवेर प्रशांतसिंह भदौरिया ने हातोद थाना, एसडीओपी देपालपुर संघप्रिय ने बेटमा थाना और डीएसपी हेडक्वार्टर उमाकांत चौधरी ने खुड़ैल थाने का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुंडा निगरानी, अपराध संबंधित रिकॉर्ड, दर्ज एफआईआर सहित मालखाना और बलवा सामग्री के पुराने रिकॉर्ड की जांच की। इस अभियान का उद्देश्य पुलिसिंग को मजबूत करना और थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना था
