भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और समस्त जीव-जगत के अस्तित्व का आधार भी है, इसलिए इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को एक-एक बूंद पानी के महत्व को समझना चाहिए और दैनिक जीवन में जल बचाने के उपाय अपनाने चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बढ़ती जरूरतों और घटते जल स्रोतों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है।डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण को एक सामूहिक अभियान बनाएं और इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज से ही संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
