सतना : उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से निकलकर बाणसागर बांध को पार करते हुए मैहर जिले के अमरपाटन वन क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से विचरण कर रहे गजराज रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अचानक आक्रामक हो गए. हाथी ने उत्पात मचाते हुए न सिर्फ एक घर को ढहा दिया बल्कि बाहर बंधे मवेशी को जान गंवानी पड़ गई. जिसे देखते हुए अब वन अमले द्वारा हाथी को रेस्क्यू कर वापस भेजने की तैयार की जा रही है.
तकरीबन 2 महीने पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से ई-5 सी-4 कॉलर आईडी वाला जंगली हाथी बाणसागर बांध को पार कर मैहर जिले के अमरपाटन वन क्षेत्र में पहुंचा था. गोरसरी पहाड से लेकर आस पास के क्षेत्र में लगभग महीने भर विचरण करने के दौरान हाथी ने कई बार उत्पात भी मचाया. जिसके चलते एक व्यक्ति व आधा दर्जन बकरियों की मौत के साथ कुछ घरों को काफी नुकसान पहुंचा था. हाथी के आतंक से क्षेत्र में बढ़ती दहशत को देखते हुए वन अमले द्वारा कुमियों और हाथियों को बुलाकर रेस्क्यू कर वापस भेजने की तैयार कर ली थी. लेकिन हाथी ने स्वयं ही लौटने का निर्णय ले लिया और बाणसागर बांध को पार कर वापस बांधवगढ़ की ओर लौट गया था. जिसके चलते स्थानीय लोगों द्वारा राहत की सांस ली गई थी. लेकिन 10 दिन पहले लोगों की चिंता उस वक्त बढ़ गई जब 28-29 अक्टूबर की रात को एक बार फिर से बाणसागर बांध पार कर हाथी वापस अमरपाटन वन क्षेत्र में लौट आया.
बाल बाल बचे लोग
कुछ समय तक रामनगर क्षेत्र में विचरण करने के बाद हाथी ने आबादी से दूरी बनाए रखी. लेकिन रविवार-सोमवार की दरमियानी रात वह एक बार फिर से ओबरा गांव के निकट पहुंच गया. देखते ही देखते हाथी आक्रामक हो गया और उसने ममता लोनी के मकान को ढहा दिया. इसी कड़ी में घर के बाहर बंधे मवेशी पर हमला कर उसे भी मार दिया. इसके साथ ही खेतों में मौजूद धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया. वहीं कुछ लोग बाल बाल बचे. घटना हो देखते हुए अमरपाटन वन अमले द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई और लोगों को सतर्क करना शुरु कर दिया. इसी कड़ी में वन अमले द्वारा हाथी को रेस्क्यू कर वापस भेजने की तैयारी की जाने लगी है.
