
ग्वालियर। जिलेवार विकास का रोडमैप तैयार करने की दिशा में अब विधायक और सांसद अपने-अपने जिलों की समीक्षा करेंगे। वे जिले की प्रत्येक माह समीक्षा करेंगे और विकास कार्य की प्रगति के बारे में जानेंगे। इस कार्य में कलेक्टर, एसपी से लेकर विभागीय जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। समीक्षा रिपोर्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दी जाएगी, जिसके आधार पर भविष्य में जिलों का आवश्यक विकास किया जाएगा।
विधायकों द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा कर जनहितैषी कार्यों की अनुशंसा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दिशा में कार्य करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में बेहतर समन्वय रहे और आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए जरूरी विकास कार्य और उपाय सुनिश्चित किए जाएं। जिला स्तर पर बैठक कर विकास कार्यों का रोडमैप तैयार करें। सांसद और विधायक आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ऐसी व्यवस्था बनाएं कि वे अपने कार्यालय से ही व्यक्तिगत रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर सकें। सांसदों- विधायकों से यह भी कहा गया है कि वे जनता से सीधा संवाद करें और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास पर जोर दें।
