टीकमगढ़: मुख्यालय स्थित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग में ऑफलाइन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से ठेके देने में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इस मामले में शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई है, जहां इसे एल-3 स्तर पर दर्ज किया गया है। मंगलवार को कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जिला पंचायत सीईओ नवनीत धुर्वे को जांच के निर्देश जारी करते हुए कहा है कि दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर सचिव शोभा निकुम ने 7 नवंबर 2024 को सभी निविदाएं ई-टेंडरिंग प्रणाली से आमंत्रित करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद टीकमगढ़ में इन नियमों की अनदेखी कर ऑफलाइन टेंडरों के माध्यम से मनचाहे ठेकेदारों को कार्य देने के आरोप लगे हैं। एक ही योजना के समान कार्यों को छोटे-छोटे भागों में बांटकर अलग-अलग ऑफलाइन निविदाएं जारी की गईं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं।
