
मुंबई, 21 अगस्त (वार्ता)अभिनेत्री पारुल गुलाटी ने रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में अपने बेबाक अंदाज, तेज-तर्रार सोच और निडर खेल से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। शो में ‘मालकिन’ के नाम से पहचानी जाने वाली पारुल के आत्मविश्वास और मजबूत व्यक्तित्व की सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा हो रही है। शो में पारुल के खेल और रणनीति की प्रशंसक लगातार तारीफ कर रहे हैं। कई दर्शकों ने उन्हें इस सीजन की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक बताया है। सोशल मीडिया पर उनके लिए मिल रहे संदेशों से भी उनकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दर्शकों से मिल रहे प्यार पर पारुल ने कहा, “द ट्रेटर्स 2 के बाद मुझे जो प्यार मिल रहा है, वह सच में बहुत ज्यादा और दिल को छू लेने वाला है। एक कलाकार, परफॉर्मर और उद्यमी के तौर पर मेरे लिए इससे ज्यादा खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती कि लोगों ने स्क्रीन पर दिखने वाली मेरी असली शख्सियत से जुड़ाव महसूस किया।” उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा माना है कि खुद जैसा होना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। दर्शकों ने मेरे व्यक्तित्व, मेरे आत्मविश्वास और मेरी छोटी-छोटी आदतों तक को जिस तरह अपनाया है, वह मेरे लिए इस सफर को बेहद खास बनाता है।”
पारुल ने कहा कि उन्हें ‘दिवा’ कहलाना पसंद है, लेकिन वह चाहती हैं कि दर्शक उन्हें ऐसी महिला के तौर पर याद रखें, जो अपनी सोच के प्रति सच्ची रही और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना खेल खेलती रही।
उन्होंने कहा, “रियलिटी शो लोगों को आपके व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं को देखने का मौका देते हैं। जब लोग आपको वैसे ही पसंद करते हैं जैसे आप वास्तव में हैं, तो वह प्यार बहुत सच्चा महसूस होता है। दर्शकों का हर संदेश, कमेंट और पोस्ट मुझे याद दिलाता है कि मैंने यह सफर क्यों शुरू किया था।”
‘द ट्रेटर्स 2’ के बाद पारुल गुलाटी को मिल रही लोकप्रियता बताती है कि दर्शक अब स्क्रीन पर ग्लैमर के साथ आत्मविश्वास, समझदारी और मजबूत व्यक्तित्व को भी पसंद कर रहे हैं। पारुल ने अपने बेबाक अंदाज और खास ‘दिवा एनर्जी’ से दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
