रूस के ताजा हमलों में कीव में 15 लोगों की मौत, यूक्रेन में वायु रक्षा मिसाइलों की कमी

कीव, 20 अगस्त (वार्ता) रूस के ताजा मिसाइल हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी है। कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने यह जानकारी दी। यूक्रेन इस बीच वायु रक्षा मिसाइलों की कमी से जूझ रहा है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट में यूक्रेन की राज्य आपात सेवा के हवाले से कहा गया कि रातभर हुए हमलों में शहर के विभिन्न हिस्सों में आवासीय इमारतों और गोदामों को निशाना बनाया गया। एक बच्चों के अस्पताल और स्कूल को भी नुकसान पहुंचा है।

यूक्रेन अपनी वायु रक्षा जरूरतों के लिए पश्चिमी देशों पर निर्भर है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि “जब तक यूक्रेन के पास पर्याप्त बैलिस्टिक मिसाइल रोधी प्रणालियां नहीं होंगी, रूस गंभीरता से शांति के बारे में नहीं सोचेगा।”

उन्होंने कहा, “पैट्रियट प्रणालियों के लिए इस्तेमाल होने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलों की भरपाई अभी तक नहीं हुई है और उनकी हर दिन जरूरत पड़ती है। प्रत्येक अतिरिक्त मिसाइल हमारे लोगों की जान बचाती है।”

यूक्रेन की वायुसेना की गुरुवार सुबह जारी सूचना से संकेत मिलता है कि रातभर रूस की ओर से दागी गई किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को रोका नहीं जा सका।

यूक्रेन रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने के लिए अमेरिका से मिली पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों पर काफी हद तक निर्भर रहा है। ईरान के साथ जारी युद्ध के दौरान अमेरिका ने अपने भंडार का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल किया है, जिससे यूक्रेन के लिए इन मिसाइलों की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

कीव में ताजा हमले स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात करीब आधी रात शुरू हुए। पूरे शहर में हवाई हमले के सायरन बजने के बाद रूसी मिसाइलों के गिरने की आवाजें सुनाई दीं। हमलों के कारण हजारों घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी और कीव क्षेत्र के कई हिस्से अंधेरे में डूब गये।

हमलों में हुई मौतों के मद्देनजर शुक्रवार को कीव में शोक दिवस मनाया जाएगा।

 

Next Post

यूनियन बैंक में ग्राहक-कैशियर विवाद से मचा हंगामा

Thu Aug 20 , 2026
सिंगरौली । बैढ़न स्थित राजकमल होटल परिसर के यूनियन बैंक में आज गुरुवार की दोपहर ग्राहक और बैंक कर्मचारी के बीच हुए विवाद ने बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि करीब 3:30 बजे एक ग्राहक राशि निकालने बैंक पहुंचा था। कैश काउंटर […]

You May Like