
इंदौर. शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. आजाद नगर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े कैटरिंग कारोबारी के ऑफिस में कार की किस्त वसूली के विवाद में चार युवकों ने घुसकर हंगामा किया और सामान तहस नहस कर दिया. वहीं मंत्री के गृह क्षेत्र नंदानगर में तेज रफ्तार कार सवारों को समझाने पर कपड़ा व्यापारी को घेरकर पीटा और चाकू मारकर घायल कर दिया. दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
भंवरकुंआ थाना क्षेत्र के पालदा में रहने वाले शिव पाटिल कैटरिंग का काम करते हैं और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जुड़े हैं. उनकी बेटी संस्कृति ने आजाद नगर पुलिस को बताया कि गुरुवार को दोपहर चार युवक ऑफिस पहुंचे थे. उन्होंने खुद को पिरामल फाइनेंस की ओर से कार लोन की किस्त वसूलने वाला बताया. युवकों ने कार की दो किस्तें बाउंस होने की बात कहते हुए तत्काल भुगतान की मांग की. पाटिल ने उन्हें बताया कि बैंक की गलती से किस्त बाउंस हुई है और कार बेचकर लोन चुकाने की प्रक्रिया चल रही है, इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि युवकों ने पाटिल, उनकी बेटी संस्कृति और बेटे यशवंत से विवाद करते हुए मारपीट की. इसके बाद वे दोबारा ऑफिस में पहुंचे और गेट, कंप्यूटर सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी. घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. आजाद नगर पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
नंदानगर में समझाइश पर भड़के कार सवार
मंत्री विजयवर्गीय के नंदानगर स्थित घर के पास गुरुवार रात कपड़ा व्यापारी भारत पिता मनोज पर कार सवार युवकों ने हमला कर दिया. 22 वर्षीय भारत की कृष्णा किट्स वियर नाम से दुकान है. रात में वह एक्टिवा से बजरंग नगर की पानी की टंकी की ओर जा रहा था. रास्ते में तेज रफ्तार कार सवार युवक हुड़दंग करते हुए निकले. भारत ने उन्हें वाहन धीरे चलाने को कहा तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि कार सवारों ने उसे घेरकर मारपीट की और इसी दौरान एक युवक ने चाकू से उसकी पीठ के नीचे वार कर दिया. घायल भारत को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया. परदेशीपुरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. दोनों मामलों में पुलिस अधिकारी का कहना है, आजाद नगर मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. नंदानगर की घटना में कार सवारों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. दोनों मामलों में जांच की जा रही है.
