20 हजार ग्राहकों को 149 रुपए में दिखा रहा था 1000 चैनल

इंदौर. एक ऐप के जरिए बिना लाइसेंस जियोस्टार समेत कई प्रसारकों के कॉपीराइट कंटेंट को हजारों लोगों तक पहुंचाने का मामला सामने आया है. जीफ्लिक्स नाम के ऐप पर 1000 से ज्यादा टीवी चैनल उपलब्ध थे, इनमें 50 से ज्यादा लाइव चैनल शामिल थे, करीब 20 हजार ग्राहक इससे जुड़े मिले हैं. क्राइम ब्रांच ने ऐप संचालक को गिरफ्तार कर उसके डिजिटल नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.

जियोस्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने जीफ्लिक्स की कार्यप्रणाली की जांच की. शिकायतकर्ता ने ऐप की सदस्यता लेकर इसकी सामग्री और संचालन का सत्यापन किया. जांच में बिना वैध अनुमति के प्रीमियम और कॉपीराइट कंटेंट उपलब्ध कराया जाना सामने आया. इसके बाद राजगढ़ के ग्राम बाबड़ी खेड़ा निवासी करीब 30 वर्षीय प्रेमसिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया. जांच में पता चला कि ऐप की सदस्यता के लिए 149 और 799 रुपए के भुगतान लिए जाते थे. सदस्यता लेने के बाद ग्राहकों को विभिन्न टीवी चैनल और प्रीमियम सामग्री देखने की सुविधा मिलती थी. पुलिस अब यह पता कर रही है कि इतने बड़े स्तर पर चैनलों का कंटेंट ऐप तक कैसे पहुंचा और इसके संचालन में कौन-कौन लोग शामिल थे. क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान ऐप से जुड़े मोबाइल नंबर, ई-मेल, यूपीआई आईडी, डोमेन, होस्टिंग और एंड्रॉइड पैकेज से संबंधित तकनीकी जानकारी मिली है. भुगतान के खातों और डिजिटल उपकरणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस को हॉटवेबसीरीज नाम के एक अन्य ऐप की जानकारी भी मिली है. उससे जुड़े लोगों और गतिविधियों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस ने मामले में बीएनएस के साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की तथा कॉपीराइट अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है. आरोपी से ऐप के संचालन, भुगतान व्यवस्था और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है.

 

जांच जारी : डीसीपी

 

मामले में डीसीपी क्राइम, राजेश त्रिपाठी ने नव भारत को बताया कि जीफ्लिक्स ऐप के जरिए कॉपीराइट कंटेंट के अनधिकृत प्रसारण का मामला सामने आया है. ऐप से जुड़े तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों की जांच की जा रही है. इसके संचालन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी पता की जा रही है.

Next Post

अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठ जनों का किया अभिनंदन और जाना हाल-चाल 

Fri Aug 21 , 2026
बागली ।अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिकता दिवस पर बागली नगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिलकर उनके हाल-चाल जाने और मिठाई खिलाकर उन्हें दुपट्टा उड़ा कर उनके अच्छे स्वास्थ्य के मंगल कामना की इस अवसर पर रोटी में आनंद क्लब की शोभा गोस्वामी श्रीमती श्रवण कौर भाटिया मंजू राजावत राधा तंवर और […]

You May Like