जिला भाजपा संगठन: दावेदार और पदों में कैसे बैठेगा सामंजस्य

शाजापुर। एक अनार, सौ बीमार… यह कहावत भाजपा की घोषित होने वाली कार्यकारिणी पर चरितार्थ होती है. क्योंकि पद कम हैं, लेकिन दावेदार ज्यादा हैं. अब पदों को तीनों विधानसभा के हिसाब से वितरित करना है. जिला महामंत्री केवल तीन बनाए जाएंगे. उपाध्यक्ष आधा दर्जन से अधिक. मंत्री भी आधा दर्जन. कार्यालय मंत्री का गठन पहले से हो चुका है. अब बात करें तो शाजापुर, शुजालपुर और कालापीपल विधानसभा की. ऐसे में सबका सामंजस्य और सभी विधानसभाओं को नेतृत्व देने की चुनौती.

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा ने कुछ जिलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी है. आने वाले एक-दो दिन में शाजापुर भाजपा की कार्यकारिणी भी घोषित होने वाली है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला महामंत्री के जिन नामों पर जिले के सभी नेताओं की और विधायकों की सहमति बनी है, उसके अनुसार शुजालपुर से विजय बैस या नरेंद्र यादव. कालापीपल से कृपाल सिंह मेवाड़ा और शाजापुर विधानसभा से रायसिंह मालवीय का नाम चर्चा में है. अब बात करें अन्य पदों को लेकर तो कार्यकारिणी में आने के लिए वर्तमान कोषाध्यक्ष किरण ठाकुर, प्रदीप चंद्रवंशी, शीतल भावसार, उमेश टेलर सहित अन्य दावेदार हैं. ऐसे ही जिले की अन्य विधानसभाओं से भी दावेदारों के नाम चर्चा में हैं.

 

महिलाओं को भी कार्यकारिणी में देना होगा स्थान…

 

पूरे जिले से लगभग 3 से 4 महिला नेत्रियों को भी कार्यकारिणी में स्थान देना होगा. ऐसी स्थिति में शाजापुर जिले की तीनों विधानसभा से कई दावेदार पद के अभाव में कार्यकारिणी से बाहर हो सकते हैं. क्योंकि राजनीति में महिलाओं के लिए आरक्षण के तहत तीन से चार महिला नेत्रियों को भी पदाधिकारी बनाना होगा.

संभावित नामों पर चर्चा…

महामंत्री के लिए कालापीपल से कृपाल सिंह मेवाड़ा, शुजालपुर से विजय बैस या नरेंद्र यादव, शाजापुर से रायसिंह मालवीय का नाम लगभग तय माना जा रहा है. उपाध्यक्ष की बात करें, तो शाजापुर से दो उपाध्यक्ष बन सकते हैं. मीडिया प्रभारी के लिए पूर्व मीडिया प्रभारी उमेश टेलर का नाम चर्चा में है. हालांकि विजय जोशी भी मीडिया प्रभारी की दौड़ में शामिल हैं. कार्यालय मंत्री वीरेंद्र पाटीदार की पहले ही ताजपोशी हो चुकी है. जुगल नाहर भी कार्यकारिणी में पहले से ही आ चुके हैं. सुनील मालवीय भी एक नया नाम चर्चा में है.

संतुष्ट करना सबसे बड़ी चुनौती

भाजपा जिला कार्यकारिणी में तीन महामंत्री, आठ उपाध्यक्ष, आठ मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक मीडिया प्रभारी, कार्यालय मंत्री और सह कार्यालय मंत्री बनाना हैं. अब पदों के हिसाब से यदि देखा जाए, तो तीन विधानसभा में इनका वितरण किया जाए, तो दो विधानसभा में तीन-तीन उपाध्यक्ष, तीन-तीन मंत्री बन सकते हैं और एक विधानसभा में दो उपाध्यक्ष-मंत्री बन सकते हैं. अब शाजापुर विधानसभा की बात करें, तो यहां दावेदार पद से ज्यादा हैं. अब ऐसे में सभी दावेदारों को कार्यकारिणी में लेना और उन्हें संतुष्ट करना सबसे बड़ी चुनौती होगी. इसके अलावा सिंधिया भाजपा से भी कुछ लोगों को जिला कार्यकारिणी में एडजस्ट करना पड़ेगा. सिंधिया भाजपा की बात करें, तो आशुतोष श्रीवास्तव और बोलाई के राजेंद्र ये सिंधिया समर्थक माने जाते हैं. अब देखना यह है कि इसमें कैसे कार्यकारिणी घोषित हो पाती है.

Next Post

मूसलाधार बारिश से चौथखेड़ा मार्ग बंद, रावण रुंडी पुलिया पर पानी भरा

Mon Sep 1 , 2025
नीमच। नीमच जिले में रविवार रात से जारी मूसलाधार बारिश से पानी का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को भी रुक- रुक कर बारिश जारी रही। जिले के अधिकांश बांध और जलाशय पूरी तरह भर गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। बांध और जलाशय पूरी क्षमता तक भर गए नीमच […]

You May Like