
खंडवा । श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर ने चढ़ाए फूलों के पुनर्चक्रण की अभिनव पहल शुरू की है। मंदिर ट्रस्ट, जिला प्रशासन और पुष्पांजलि इकोनिर्मित संस्था के सहयोग से यह पहल स्व-सहायता समूह की महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और संसाधन देकर उन्हें अगरबत्ती, जैविक खाद, धूपबत्ती जैसे उत्पाद बनाने में सक्षम बना रही है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। ट्रस्ट के इस प्रयास को जिला प्रशासन का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त है। यह साझेदारी न केवल पर्यावरण की रक्षा कर रही है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। यह मॉडल तीर्थ स्थल पर आस्था, पर्यावरण और आत्मनिर्भरता के संगम को दर्शाता है।
