
शुजालपुर।कृषि विभाग एवं प्रशासन ने गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को शुजालपुर में आष्टा हाईवे पर कार्यवाही करते हुए एक गोदाम से बड़ी मात्रा में नकली खाद की बोरियां बरामद की. इस मामले में आगामी कार्यवाही की जा रही है.
अधिकारियों की मानें तो नकली खाद बनाने की यह फर्जी इकाई लंबे समय से चल रही थी और इस स्थान पर बनाई गई नामी कंपनी के नाम से नकली खाद बाजारों में भी बेचने के लिए पहुंचाई गई है. विभाग ने इस गोदाम सहित दो अन्य खाद दुकानों को सील किया. कृषि विभाग अधिकारी राहुल पाटीदार, नायब तहसीलदार केएल चौहान सहित शासकीय अमला बुधवार की दोपहर को आष्टा रोड पर गैरखेड़ी जोड़ के समीप स्थित एक गोदाम पर पहुंचा, जहां पाया कि खाद बनाने वाली नामी कंपनी आईपीएल छपी हुई बोरियों में डीएपी खाद पैकिंग किया जा रहा था. यहां पर तोल कांटा सहित पैकिंग करने वाली मशीन व अन्य उपकरण भी मिले. गोदाम पर मौजूद कर्मचारियों ने यह प्रतिष्ठान पवन मेवाड़ा नामक व्यक्ति का होना बताया. साथ ही गोदाम में 660 खाद के पैक किए हुए बैग सहित खुली बोरियां व खाद बनाने के लिए तैयार किया गया मिक्चर भी मिला.
लायसेंस भी नहीं था…
कृषि विभाग एसडीओ राहुल पाटीदार ने बताया कि यह कार्यवाही मिली सूचना के बाद की गई. जिस स्थान पर डीएपी खाद बनाई जा रही थी, उसका कोई लायसेंस भी नहीं है, इस गोदाम में बनी नकली खाद, राम मंदिर मंडी के समीप स्थित खाद दुकान और गैरखेड़ी जोड के समीप विशाल ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर भी बिक्री के लिए होने की जानकारी मिलने के बाद इस गोदाम व अन्य दो दुकानों को सील किया गया है. जांच उपरांत प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा.
