
कटनी। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर मंगलवार को खंडेलवाल बाड़ा में कटनी दशहरा महोत्सव समिति (रजि.) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहरभर की दुर्गा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से रौनक खंडेलवाल को समिति का अध्यक्ष चुना गया, वहीं उपाध्यक्ष पद पर ललित सोनी, अमर ताम्रकार, अवकाश जायसवाल, आशीष ताम्रकार, नीरज दुबे और अविनाश गुप्ता का चयन हुआ। प्रदीप द्विवेदी व संदीप गुप्ता महासचिव बने। अन्य पदाधिकारियों व संरक्षक मंडल में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक शामिल किए गए।
समिति ने नगर निगम, पुलिस और विद्युत विभाग से समन्वय कर व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त कराने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि कटनी का दशहरा पर्व ऐतिहासिक परंपरा और भव्यता के लिए जाना जाता है। इस वर्ष समिति का पंजीयन भी कराया गया है। आगामी 5 सितंबर को मां जालपा मढिया प्रांगण में संवाद समन्वय बैठक होगी, जिसमें सभी दुर्गा समितियों को आमंत्रित किया गया है।
