ग्वालियर: अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत को चुनने से पहले युवक पार्टी करने वाला था, क्योंकि घटना स्थल पर शराब व अन्य सामान पुलिस को मिला है। घटना ठाटीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला कोठार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किन कारणों के चलते उसने फांसी लगाकर जान दी है।
थाटीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला कोठार में संजू अहिरवार 28 वर्ष पुत्र घासीराम अहिरवार किराए पर कमरा लेकर रहता है। संजू प्राइवेट जॉब करता है और उसके अन्य परिजन महेशपुरा सिकंदर कंपू पर रहते हैं। गल्ला कोठार में संजू अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। उसका दोस्त कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो दोस्त ने उसके पिता को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन कमरे पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो अंदर संजू फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस पहुंचा दिया।
