
जबलपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुभाषिनी शरद यादव ने जबलपुर आगमन में भाजपा पर निशाना साधा। उनका कहना है कि नेशनल हेराल्ड मामला भाजपा द्वारा ध्यान भटकाने, बरगलाने और तथ्यों को तोड़-मरोड़ने का एक प्रयास है। देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना,अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाना, स्वतंत्रता संग्राम को तोड़-मरोड़ कर पेश करना और देश की विरासत का अपमान करना है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक गुजरात अधिवेशन से बौखलाए मोदी-शाह की जोड़ी ने फिर से कांग्रेस पार्टी पर प्रवर्तन निदेशालय अपनी पसंदीदा आपराधिक वसूली मशीन को छोड़ दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर तथाकथित आरोपपत्र कुछ और नहीं बल्कि विशुद्ध राजनीतिक षड़यंत्र है। गांधी परिवार का हर सदस्य चाहे वह राजनीति में हो या नहीं भाजपा द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। ये एक षड्यंत्रकारी राजनीतिक ठगी है। मोदी सरकार ने ईडी को अपना इलेक्शन डिमार्टमेंट बना लिया है और बेशर्मी से और बार-बार प्रतिशोध के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है। ईडी के मामलों में सजा की दर सिर्फ 1% है। इसके अलावा, ईडी ने जो राजनीतिक मामले दर्ज किए हैं, उनमें से 98% मामले सत्ताधारी पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हैं। पत्रकार वार्ता में विधायक लखन घनघोरिया, नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी दिनेश यादव, पूर्व विधायक संजय यादव, मुकेश राठौर, झल्लेलाल जैन सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
