कांग्रेस अंग्रेजों की बनाई संस्था है, कोई विचारधारा नहीं: सीएम

जबलपुर। कांग्रेस अंग्रेजों की बनाई संस्था है, उसकी कोई विचारधारा नहीं। आजादी के बाद कांग्रेस नेताओं के व्यक्तिगगत हितों की कीमत पूरे देश ने वर्षों तक चुकाई है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के स्थापना दिवस के तहत बुधवार को जबलपुर के मानस भवन में गांव-बस्ती चलो अभियान का शुभारंभ करते हुए कहीं ।

आगे उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ इतने पाप किया है कि कांग्रेस पार्टी की दो पीढिय़ां भी माफी मांगें तो भी कम है। भाजपा ने जनसंघ से लेकर आज तक अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। जन उद्देश्यों को लेकर जनसंघ का गठन किया गया था, हम आज भी उसी विचारधारा को लेकर देश और जनता की सेवा कर रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव के तहत कार्य करते हैं। जबकि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। वर्षों पहले देश के सर्वोच्च न्यायालय से तीन तलाक को लेकर फैसला दिया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी की तत्कालीन केंद्र सरकार ने न्यायालय के फैसले के तहत मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाने की बजाय तुष्टिकरण करने लगी। तत्कालीन केंद्र सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ कानून में संशोधन कर मुस्लिम बहनों की जिंदगी नर्क बना दी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने तीन तलाक को लेकर सख्त कानून बनाकर देश की लाखों मुस्लिम बहनों की जिंदगी संवारने का कार्य किया है।

परिश्रम से भाजपा अजेय पार्टी बनी: सिंह

मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से भाजपा आज अजेय पार्टी बनी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में सरकार बनी है। ऐसे में आप सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि अपनी सरकार की जनहितैषी, जनकल्याणकारी उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यकर्ताओं ने बड़ी माला से स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है।

कांग्रेस की वजह से जम्मू-कश्मीर में निर्दोषों का खून बहाया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की अपनी स्वयं की कोई विचारधारा नहीं है। देश की आजादी के बाद पंडित मदन मोहन मालवीय जब वाराणसी में काशी हिंदू विश्व विद्यालय की स्थापना करा रहे थे, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू सोमनाथ मंदिर से लेकर अयोध्या में भगवान श्रीराम लला के मंदिर को लेकर क्या कर रहे थे, देश जानता है। कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं के व्यक्तिगत हितों के कारण केसर की क्यारी वाली धरती जम्मू-कश्मीर में हजारों निर्दोष लोगों का खून बहाया गया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान का विरोध करते हुए आदोलन किया और जनसंघ की स्थापना की। वर्ष 1952 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा की विचारधारा में कभी समझौता नहीं किया।

Next Post

रुपया 52 पैसे मजबूत

Wed Apr 8 , 2026
मुंबई, 08 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 52 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.54 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 16 पैसे टूटकर 93.06 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी। रुपये में आज शुरू से ही तेजी […]

You May Like