
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को राजधानी में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें आगामी ‘संविधान बचाओ’ अभियान की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पार्टी ने 25 से 30 अप्रैल के बीच देशव्यापी ‘संविधान बचाओ’ रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है. मध्यप्रदेश में, इस अभियान की शुरुआत 28 अप्रैल को ग्वालियर में एक विशाल रैली के साथ होगी.
बैठक में ‘संविधान बचाओ’ अभियान को तीन चरणों में लागू करने का निर्णय लिया गया:
जिला स्तरीय रैलियाँ (3-10 मई): प्रदेश के सभी जिलों में मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ रैलियाँ आयोजित की जाएंगी।
विधानसभा स्तरीय रैलियाँ (11-17 मई): प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और जनता के अधिकारों के हनन के खिलाफ जनजागरण करेंगे।
घर-घर संपर्क अभियान (20-30 मई): कार्यकर्ता घर-घर जाकर महँगाई, बेरोजगारी और संवैधानिक अधिकारों के हनन जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
हरीश चौधरी ने कहा, “यह अभियान संविधान पर हो रहे हमलों को रोकने और जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण है।” जीतू पटवारी ने सभी कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन को गंभीरता से लेने और हर गांव, हर वार्ड तक संविधान का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया.
इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस ने इस अभियान के माध्यम से जनता तक पहुंचने और उनकी समस्याओं को उठाने का संकल्प लिया है।
