ऐतिहासिक देवगढ़ बन रहा आकर्षक पर्यटन ग्राम

छिंदवाड़ा। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने आज मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे ऐतिहासिक पर्यटन ग्राम देवगढ़ में पहुंचकर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दीक्षा होमस्टे के बरामदे में बैठकर चारों ओर फैली हरियाली, शांत वातावरण और देवगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार भी उनके साथ थे। चारों ओर पहाडिय़ों और वादियों से घिरे जिले की मोहखेड़ जनपद का ग्राम देवगढ़ प्राकृतिक शांति और सुकून के लिए जाना जाता है। गांव के आसपास फैले खेत बागान और मनोहारी दृश्य, यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति से सीधे जुडऩे का अवसर देते हैं। देवगढ़ का यह शांत और स्वच्छ वातावरण लोगों को बार-बार यहां आने के लिए आकर्षित करता है। देवगढ़ ऐतिहासिक दृष्टि से भी समृद्ध है। यहां राजाओं के पुराने किले, प्राचीन बावडिय़ां और विरासत से जुड़ी संरचनाएं आज भी अपने गौरवशाली अतीत की कहानी बयां करती हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहर का यह अनूठा संगम देवगढ़ को एक विशेष पहचान देता है। वर्तमान में देवगढ़ में कुल 12 होमस्टे संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक आतिथ्य और ग्रामीण जीवनशैली का नजदीक से अनुभव मिल रहा है। होमस्टे व्यवस्था ने देवगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई दिशा दी है। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों को देवगढ़ के पर्यटन महत्व को देखते हुए इसके और अधिक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस प्राकृतिक और ऐतिहासिक ग्राम की ओर आकर्षित हो सकें।

 

Next Post

पीएम पोषण अनुश्रवण समिति की बैठक: मध्यान्ह भोजन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

Sat Dec 27 , 2025
ब्यावरा। पीएम पोषण अनुश्रवण समिति की बैठक नवीन बीआरसी भवन में हुई, जिसमें कहा गया कि मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसडीएम गोविंद कुमार दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गये कि खाद्यान्न उठाव सभी समय पर […]

You May Like