
इंदौर. शहर में साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए नया तरीका अपनाया है. अब सीबीआई के नाम पर फर्जी मेल भेजकर लोगों को चाइल्ड पोर्नोग्राफी के झूठे आरोप में फंसाने और डराकर ठगी करने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसे कई मामलों की शिकायत साइबर सेल में पहुंची है.
लोगों को भेजे जा रहे मेल में लिखा होता है कि उनके आईपी एड्रेस का उपयोग चाइल्ड पोर्नोग्राफी में हुआ है और इसके लिए तीन साल की सजा का प्रावधान है. मेल में खुद को सीबीआई अधिकारी बताने वाले राजेशकुमार के नाम से नोटिस भेजा जा रहा है. इसमें सीबीआई दिल्ली कार्यालय का पता भी दिया है, जिससे मेल असली लगे. साइबर ठगों ने पहले डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को डराकर ठगी की थी. अब जब लोग उस तरीके को लेकर सतर्क हो गए हैं, तो ठगों ने नया तरीका अपनाते हुए फर्जी कानूनी कार्रवाई का डर दिखाना शुरू कर दिया है. मेल के जरिए लोगों पर दबाव बनाया जाता है कि वे संपर्क करें या पैसे देकर मामला सुलझाएं. साइबर सेल के अनुसार ऐसे मेल पूरी तरह फर्जी हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. किसी भी अनजान मेल या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से बचें और तुरंत इसकी शिकायत साइबर सेल या पुलिस को करें.
