
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में लव जिहाद के नाम पर फंसाने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस जांच में आरोप निराधार पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को क्लीनचिट दे दी गई है. अब उसने शिकायतकर्ताओं पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं.
लव जिहाद की फंडिंग के आरोप में फैसल काजूवाला उर्फ फैसल सुपेड़ीवाला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी. जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपते हुए स्पष्ट किया कि कथित मामले के मुख्य आरोपी से फैसल का कोई संपर्क नहीं पाया. बताया गया कि दो युवकों ने बाणगंगा थाने में शिकायत करते हुए फैसल पर लव जिहाद में फंडिंग का आरोप लगाया था. जांच के दौरान पुलिस ने दोनों शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए, लेकिन वे अपने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेजी या भौतिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके. जांच में आरोप झूठे पाए जाने के बाद पुलिस ने फैसल को क्लीनचिट दे दी है. वहीं अब फैसल ने उसे झूठे मामले में फंसाने वालों पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
