मुंबई, (वार्ता) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया (सीनियर महिला), इंडिया ए (पुरुष और महिला) और इंडिया अंडर19 (पुरुष और महिला) टीमों से जुड़ी आने वाली द्विपक्षीय सीरीज़ के लिए वेन्यू और फ़िक्स्चर की घोषणा कर दी है।
इस शेड्यूल में कई फ़ॉर्मेट के मुक़ाबलों की एक लाइन-अप शामिल है, जिसमें भारत आने वाले घरेलू सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया ए (पुरुष और महिला), इंग्लैंड ए महिला, ज़िम्बाब्वे महिला, ऑस्ट्रेलिया अंडर19 पुरुष, इंग्लैंड अंडर19 महिला और श्रीलंका अंडर19 महिला टीमों की मेजबानी करेगा।
भारतीय महिला टीम अक्टूबर 2026 में ज़िम्बाब्वे महिला टीम की मेज़बानी करेगी। यह एक व्हाइट-बॉल सीरीज़ होगी जिसमें तीन टी20 और उतने ही वनडे मैच खेले जाएँगे। टी20 सीरीज़ रायपुर में खेली जाएगी, जबकि बड़ौदा इस दौरे के वनडे मैचों की मेज़बानी करेगा।
इंडिया ए (पुरुष) का मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया ए से एक सीरीज़ में होगा, जिसमें दो मल्टी-डे मैच और तीन वनडे मैच शामिल हैं। ये सभी मैच सितंबर और अक्टूबर 2026 के बीच पुडुचेरी में खेले जाएँगे।
इंडिया अंडर 19 पुरुष टीम ऑस्ट्रेलिया अंडर19 की मेज़बानी करेगी। यह पाँच मैचों का दौरा होगा, जिसमें राजकोट में तीन वनडे मैच खेले जाएँगे, जिसके बाद राजकोट और अहमदाबाद में क्रमशः दो मल्टी-डे मैच होंगे।
इंडिया ए महिला टीम सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम की मेज़बानी करेगी। यह एक मल्टी-फ़ॉर्मेट सीरीज़ होगी जिसमें मोहाली और धर्मशाला में तीन टी20, तीन वनडे मैच और एक मल्टी-डे मैच शामिल होंगे। सीजन में बाद में, इंडिया ए महिला टीम इंग्लैंड ए महिला टीम के ख़िलाफ़ एक और मल्टी-फ़ॉर्मेट सीरीज खेलेगी, जो पुणे और नवी मुंबई में आयोजित की जाएगी। भारतीय अंडर19 महिला टीम नवंबर और दिसंबर 2026 में बड़ौदा और सूरत में इंग्लैंड अंडर19 महिला टीम की मेज़बानी करते हुए पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ खेलेगी। इस सीजन की शुरुआत में, टीम जून और जुलाई 2026 में चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका अंडर19 महिला टीम के ख़िलाफ़ छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज खेलेगी।
