
सीधी। शहर के शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने से आज संयुक्त टीम द्वारा सडक़ की पटरी पर रखी गोमतियों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम में नगर पालिका, नजूल एवं राजस्व विभाग का अमला शामिल रहा।
गौरतलब है कि शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने सडक़ की पटरी पर गोमती एवं ठेले रखकर काफी अर्से से अतिक्रमण किया गया था। इन गोमतियों एवं ठेलों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने से कालेज में आने वाली छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उक्त समस्या को लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, जिसके बाद नगर पालिका की ओर से संबंधित अतिक्रमणकारियों को समझाइस देकर गोमती एवं ठेलों को हटाने को कहा गया था। बावजूद इसके संबंधित लोगों द्वारा अतिक्रमण हटाने की जरूरत नहीं समझी गई। लिहाजा नोटिस के माध्यम से भी इनको अतिक्रमण हटाने के लिये मोहलत दी गई। अतिक्रमण न हटने पर आज जिला कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमणों का हटाने का काम शुरू किया। कार्यवाई शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों द्वारा अपने से भी अतिक्रमण हटाया गया। जिनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, उन्हें संयुक्त टीम द्वारा हटाने की कार्रवाई की गई।
००
अतिक्रमणकारियों के निशाने पर है कालेज क्षेत्र
फुटपाथी अतिक्रमणकारियों के निशाने पर कालेज क्षेत्र कई सालों से है। उनके द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने की सडक़ की पटरी के साथ ही शासकीय संजय गांधी महाविद्यालय से लगी सडक़ की पटरी पर भी अतिक्रमण किया गया है। कई बार समझाइस के बाद भी अतिक्रमणकारी यहां से अपनी गोमती एवं ठेले हटाने को तैयार नहीं थे। लिहाजा आज शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संयुक्त टीम द्वारा की गई। उक्त कार्रवाई के बाद अभी नगर पालिका को मौके पर नजर रखने की जरूरत है, क्योंकि फिर से अतिक्रमण की तैयारी की जा रही है।
००
इनका कहना है
शिकायत मिलने पर संबंधित व्यवसाइयों को अपनी दुकानों का अतिक्रमण हटाने के लिये पूर्व में समझाइस दी गई थी। फिर भी अतिक्रमण नहीं हटा तो नोटिस सर्व कर इन्हें अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गये। साथ ही स्थल पर भी नोटिस चस्पा कर अतिक्रमण हटाने के लिये निर्देश दिये गये। अतिक्रमण न हटने पर आज नजूल, नगर पालिका एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शासकीय कन्या महाविद्यालय के सामने से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रिया पाठक, डिप्टी कलेक्टर सह सीएमओ नपा सीधी
०००००००००००
