Helen Birthday: मुंबई, युद्ध के दौरान बर्मा से 9 महीने पैदल चलकर भारत आईं हेलन ने भूख और अपनों को खोने का दर्द सहा, अपनी मेहनत से वे बॉलीवुड की पहली और सबसे फेमस कैबरे डांसर बनीं।
बॉलीवुड के सुनहरे दौर की बात हो और हेलेन के डांस का जिक्र न हो, ऐसा मुमकिन ही नहीं है। आज भी जब किसी पार्टी में ‘पिया तू अब तो आजा’ या ‘मेरा नाम चिन चिन चू’ की धुन बजती है, तो हर किसी के पैर खुद-ब-खुद थिरकने लगते हैं।
लेकिन बड़े पर्दे पर अपनी अदाओं और बेमिसाल डांस से करोड़ों दिलों को जीतने वाली हेलेन की रियल लाइफ किसी फिल्मी कहानी से कम दर्दनाक नहीं रही है। चमक-दमक की इस दुनिया तक पहुंचने से पहले हेलेन ने भूख, गरीबी का वह दौर देखा है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है।
9 महीने तक जंगलों में भटकते हुए पैरों में पड़ गए थे छाले
हेलेन ऐन रिचर्डसन का जन्म 21 नवंबर 1938 को बर्मा में हुआ था। उनके सिर से पिता का साया बचपन में ही उठ गया था। मां ने एक ब्रिटिश सैनिक से दूसरी शादी की, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उनकी भी जान चली गई। जब जापान ने बर्मा पर कब्जा किया, तो हेलेन की फैमिली जान बचाकर मुंबई आने को मजबूर हो गई।
इस सफर में उन्हें घने जंगलों और अनजान गांवों को पार करना पड़ा। रास्ते में खाने को कुछ नहीं था और परिवार भूख से बेहाल था। पैदल चलते-चलते सबके पैरों में छाले पड़ गए थे। इस मुश्किल समय में कुछ स्थानीय ग्रामीणों और दयालु ब्रिटिश जवानों ने उन्हें खाना और ठहरने को जगह देकर उनकी जान बचाई।
आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ ग्रुप डांसर बनीं हेलेन
मुंबई पहुंचने के बाद भी मुश्किलों ने इस परिवार का पीछा नहीं छोड़ा। हेलेन की मां नर्स का काम करती थीं, लेकिन उनकी मामूली कमाई से घर का खर्च चलना मुस्किल था। परिवार की मदद करने के लिए हेलेन ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी। उन्होंने काम की तलाश शुरू की और फिल्म ‘शबिस्तान’ में एक ग्रुप डांसर के तौर पर अपने काम शुरू किया।
उस दौर में फिल्मों में डांस करने वाली लड़कियों को इज्जत की नजर से नहीं देखा जाता था, लेकिन एक्ट्रेस हेलेन डांस के बाद महज 17 साल की उम्र में उन्हें फिल्म ‘हावड़ा ब्रिज’ मिली, जिसने उन्हें रातोंरात चमकता सितारा बना दिया।
जब फैंस के पागलपन के चलते बुर्का पहनकर निकलना पड़ा
फिल्म ‘हावड़ा ब्रिज’ के गाने ‘चिन चिन चू’ की सक्सेस के बाद एक्ट्रेस हेलेन बॉलीवुड की पहली आइटम गर्ल बन गईं। उनकी पॉपुलेरिटी का आलम यह था कि लोग सिर्फ उनके चंद मिनट के डांस को देखने के लिए थियेटर्स में भीड़ लगा देते थे। फैंस की दीवानगी इतनी बढ़ गई थी कि सार्वजनिक जगहों पर भीड़ से बचने के लिए हेलेन को बुर्का पहनकर निकलना पड़ता था।
हालांकि सक्सेस के साथ उन पर एक खास तरह के रोल का ठप्पा भी लग गया। इसके बावजूद उन्होंने ‘चाइना टाउन’, ‘कश्मीर की कली’, ‘आराधना’ और ‘अमर प्रेम’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। फिल्म ‘लहू के दो रंग’ के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला। साल उन्हें 1999 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और 2009 में भारत सरकार द्वारा पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
साल 1980 में सलीम खान के साथ की शादी
हेलेन की पर्सनल लाइफ भी काफी चर्चा में रही। साल 1962 में फिल्म ‘काबिल’ के सेट पर उनकी मुलाकात फेमस राइटर सलीम खान से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। साल 1980 में सलीम खान और हेलेन ने शादी कर ली।
उस वक्त सलीम खान 45 साल के थे और पहले से शादीशुदा होने के साथ-साथ सलमान, अरबाज और सोहेल के पिता भी थे, जबकि हेलेन 42 साल की थीं। इस शादी ने उनके रिश्ते को सामाजिक मंजूरी दी। अपनी कोई संतान न होने के कारण दोनों ने बाद में अर्पिता खान को गोद लिया।
