244 कैडेटों को वायु सेना में मिला कमीशन

नयी दिल्ली 13 दिसम्बर (वार्ता) हैदराबाद के डुंडीगल स्थित वायु सेना अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 244 फ्लाइट कैडेट को शनिवार को वायु सेना में कमीशन प्रदान किया गया। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने दीक्षांत परेड के निरीक्षण के बाद फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं के 244 फ्लाइट कैडेट कमीशन प्रदान किया। 215 पुरुष और 29 महिला कैडेट हैं। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के छह और भारतीय तटरक्षक बल के आठ अधिकारियों तथा सोशलिस्ट रिपब्लिक ऑफ वियतनाम के दो प्रशिक्षुओं को फ्लाइंग ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने पर ‘विंग्स’ से सम्मानित किया गया। नेविगेशन ट्रेनिंग पूरी करने पर पांच अधिकारियों को ‘ब्रेवेट्स’ दिए गए। इससे पहले अकादमी के प्रमुख एयर मार्शल तेजिंदर सिंह कमांडेंट एयर मार्शल पी के वोहरा जनरल चौहान का स्वागत किया।

परेड का मुख्य आकर्षण ‘कमीशनिंग समारोह’ था जिसमें कैडेटों को फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन दिया गया। अधिकारियों को देश की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा करने का संकल्प और शपथ दिलाई गई। परेड के दौरान पिलाटस पी सी-7, हॉक, किरण और चेतक विमानों द्वारा बेहतर तालमेल के साथ फ्लाईपास्ट किया गया। आकाश गंगा टीम और एयर वॉरियर ड्रिल टीम के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न प्रशिक्षण क्षेत्रों में उनके असाधारण प्रदर्शन को मान्यता देते हुए जनरल चौहान ने फ्लाइंग शाखा के फ्लाइंग ऑफिसर तनिष्क अग्रवाल को पायलट कोर्स में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पट्टिका’ और ‘नवानगर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया। फ्लाइंग ऑफिसर सक्षम डोबरियाल को नेविगेशन स्ट्रीम में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए ‘राष्ट्रपति पट्टिका’ से सम्मानित किया गया। फ्लाइंग ऑफिसर नितेश कुमार को ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए ‘राष्ट्रपति पट्टिका’ से सम्मानित किया गया। जनरल चौहान ने परेड को संबोधित करते हुए कमीशन अधिकारियों सेना में शामिल होने और मातृभूमि की सेवा करने के लिए बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों से घमंड और अज्ञानता से दूर रहने तथा सिद्धांतों के मामलों में अडिग रहने का आग्रह किया।

Next Post

विकराल होती स्थिति के मद्देनजर सीएक्यूएम ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-तीन लागू

Sat Dec 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (वार्ता) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने वायु प्रदूषण के कारण विकराल स्थिति के मद्देनजर राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों में शनिवार को श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना-3 ( ग्रैप) लागू कर दी। दिल्ली में पिछले तीन दिनों से हवा की गति धीमी होने […]

You May Like