सीधी: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए सघन अभियान लगातार जारी है।प्रभारी खनि निरीक्षक देवेंद्र महोबे एवं शिशिर यादव के नेतृत्व में 9 सितम्बर से 29 अक्टूबर 2025 के बीच की गई कार्रवाई के दौरान कुल 22 वाहन और मशीनें जब्त की गई हैं। इनमें 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरूम, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी, 2 हाईवा रेत, 6 ट्रक कोयला, 4 डंपर रेत तथा 2 जेसीबी मशीनें शामिल हैं।
इन सभी प्रकरणों में कुल 11,92,394 का अर्थदंड प्रस्तावित कर प्रकरण कलेक्टर सीधी के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें से 14 प्रकरणों में राशि वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्यवाही न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रचलित है।खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की शिकायतों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे स्थानों पर छापामार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
