सीधी: चुरहट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत दाऊ साहब स्व. अर्जुन सिंह के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं उनके पुण्य स्मरण से हुई।बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय सिंह राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब हम सब मिलकर, विशेषकर गरीबों और वंचित वर्ग के साथ संवेदनशीलता से काम करेंगे, तभी संगठन की जड़ें और मजबूत होंगी।
श्री राहुल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी 4 नवम्बर से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पूरी सतर्कता बरतें। किसी सही मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी गलत नाम का समावेश न हो, इस पर विशेष ध्यान दें।उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम काटने का षड्यंत्र किया जा सकता है, इसलिए सजग रहना आवश्यक है। राहुल ने कहा, आज मैं जो कुछ हूं, वह आप सबकी बदौलत हूं। दाऊ साहब स्व. अर्जुन सिंह के साथ कार्य करने वाले कई साथी आज भी संगठन की शक्ति हैं, जिनके अनुभव से नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस संगठन प्रभारी शिव प्रसाद प्रधान ने की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र भदौरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामभिलास पटेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रतीभान पटेल, मीडिया प्रभारी सोमेश्वर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय पाण्डेय, महिला कांग्रेस की श्रीमती शशिकला दुबे, किसान सभा अध्यक्ष प्रफुल्ल पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यालय का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय सिंह राहुल ने चुरहट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यालय का शुभारंभ शिव विद्यालय भवन के एक कक्ष में किया। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय से संगठनात्मक कार्यों में गति और सरलता आएगी तथा यह कार्यालय जनसेवा का केंद्र बनेगा।
