भोपाल। राजधानी को झकझोर देने वाले इंजीनियरिंग छात्र उदित गायकी मौत कांड में शनिवार की देर रात पिपलानी थाने के दोनों आरोपी पुलिसकर्मी संतोष बामनिया और सौरभ आर्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर उदित की पिटाई से हुई मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले दोनों पुलिसकर्मी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में तीन थानों की टीमें लगाई गई थीं। उदित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ था कि उसके पेट में डंडे से मारपीट के कारण उसकी मौत हुई थी।
मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य के रूप में रखा गया है, जिसमें आरोपियों को उदित पर बर्बरता करते देखा गया। पुलिस अब फुटेज और गवाहों के बयानों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है।
इस घटना के बाद समाज में आक्रोश का माहौल है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई जनप्रतिनिधि उदित के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मृतक उदित के पिता एमपीईबी में असिस्टेंट इंजीनियर और मां शासकीय शिक्षिका हैं।
गौरतलब है कि आरोपी पुलिसकर्मियों ने उदित के कपड़े उतरवाकर बेरहमी से डंडे बरसाए थे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था।
