
रीवा।मऊगंज जिले के लौर थाना अन्तर्गत एक युवक पर नशा कारोबारियो ने प्राण घातक हमला किया था. घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद मंगलवार की सुबह आक्रोशित परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया. परिजनो की मांग थी कि थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियो के खिलाफ कार्यवाही की जाय. सूचना मिलने पर कलेक्टर-एसपी मौके पर पहुंचे और परिजनो को समझाइश दी.
लौर थाना अंतर्गत ग्राम पताई में 21 मई की रात लगभग 1 बजे शराब कंपनी में काम करने वाले मनोज पटेल और उसके साथी पर जानलेवा हमला किया गया. इसमें गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए. मनोज की मौत से आक्रोशित परिजन मंगलवार सुबह उसका शव लेकर सीधे लौर थाने पहुंचे. उन्होंने वहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. लौर थाने पर करीब 2 घंटे तक शव को रख कर परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा चलता रहा. परिजन थाना प्रभारी और दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग के साथ साथ आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे. स्थिति को देखते हुए मौके पर एसपी दिलीप सोनी और कलेक्टर संजय जैन पहुंचे. उन्होंने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया. तब जाकर मामला शांत हुआ और परिजन शव को पीएम के लिए मऊगंज सिविल अस्पताल ले गए.
