
सीधी। अमिलिया बाजार में फिल्मी स्टाइल में लाठी-डंडे का प्रदर्शन करते हुए घर में तोडफ़ोड़ की गई। पीडि़त रजनीश सिंह चंदेल पिता मंगलेश्वर सिंह चंदेल का पूरा परिवार इस घटना से काफी दहशत में रहा। आरोपियों से बचने के लिए पीडि़त परिवार एक कमरे में कैद होकर हल्ला-गुहार मचाता रहा। आरोपियों की तोडफ़ोड़ से पीडि़त का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपियों के जाने के बाद जब रिपोर्ट करने पीडि़त मंगलेश्वर सिंह चंदेल थाना पहुंचे तो वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट लिखने से मना कर भगा दिया। यह घटना अमिलिया थाना से महज 300 मीटर दूर घटित हुई। बाद में पीडि़त के फरियाद पर जनपद सदस्य रजनीश शुक्ला उर्फ संजू ने पुलिस अधीक्षक सीधी को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद अमिलिया थाना में आरोपी सुरेन्द्र सिंह, विष्णुबहादुर सिंह, पुष्पराज सिंह, शुभम सिंह समेत अन्य के विरुद्ध धारा 125 ए, 296, 115, 333, 324(4), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
