तेहरान/मास्को, 23 जून (वार्ता) रूसी नेतृत्व के साथ वार्ता करने के लिए रूस की यात्रा पर गए ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान के परमाणु संयंत्रों पर रूस ने जो प्रतिक्रिया की है, उसका ईरान स्वागत करता है।
विदेश मंत्री ने टेलीग्राम पर कहा कि हम रूसी संघ के रुख की सराहना करते हैं, जिसने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। श्री अराघची ने कहा कि रूस और ईरान ने हमेशा सभी मुद्दों पर संवाद एवं सहयोग किया है और इस क्षेत्र की वर्तमान विशेष परिस्थितियों में दोनों देशों के बीच और भी घनिष्ठ एवं संतुलित संबंध की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीद है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ इस क्षेत्र के खतरों पर चर्चा होगी, जिसमें इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हमला भी शामिल हैं।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि हम रूस के साथ समान चिंताएँ और विरोध साझा करते हैं। हम समान विश्वास रखते हैं और चुनौतियों एवं खतरों का मुकाबला करने के लिए मिलकर काम करते हैं। इस तरह के विचार-विमर्श सोमवार को रूसी राष्ट्रपति के साथ बैठक में किए जाएंगे।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने 22 जून को स्पुतनिक को पुष्टि करते हुए कहा कि श्री अराघची रूसी नेतृत्व के साथ बातचीत करने के लिए मास्को पहुंच गए हैं।
गौरतलब है कि अमेरिका ने रविवार सुबह नतांज़, फ़ोर्डो और इस्फ़हान में ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया। हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान को अब इस युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होना चाहिए नहीं तो उसे कहीं ज्यादा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ईरान पर रविवार को किए गए अमेरिकी हमलों को वैश्विक स्तर पर मिली जुली प्रतिक्रिया मिली। संयुक्त राष्ट्र, रूस, चीन, ईरान, कतर, उत्तर कोरिया, वेनेजुएला और पाकिस्तान ने इस कदम की निंदा की, जबकि ब्रिटेन, इजरायल, फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों ने हमले की सराहना की है। संयुक्त अरब अमीरात, न्यूजीलैंड, भारत, जापान, मैक्सिको, वियतनाम जैसे अन्य देशों ने तत्काल तनाव कम करने का आग्रह किया और पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की।

