जींद (हरियाणा), 17 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहे भारत ने खेलकूद उद्योग और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मिल कर काम करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि देश 2026 के ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की भी तैयारी में है और इसके लिए हमें अभी से 5 वर्ष से 12-15 वर्ष की प्रतिभाओं को इन प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करना होगा। श्री मोदी ने कहा कि इस तरह के सहयोग से देश की खेल प्रतिभाओं , खास कर हरियाणा जैसे राज्यों के युवाओं को आने वाले समय में लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से भारत में स्पोर्ट्स आर फिटनेस क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर बनेंगे। प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष , मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी , सूचना प्रसारण एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में श्री मोदी ने अपनी हाल की विदेश यात्रा का उल्लेख किया जिसमें वह इंडोनेशिया , आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड गये थे। उन्होंने कहा ‘ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में, वहां की सरकारों से, स्पोर्ट्स को लेकर मेरी व्यापक चर्चा हुई है। इन दोनों देशों के साथ मिलकर, आने वाले समय में हम स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, ऐसे अनेक मामलों में बहुत सारा काम साथ मिलकर करने वाले हैं। इससे हरियाणा के युवाओं को भी बहुत लाभ होगा।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ”आप सभी जानते हैं, अभी मैं कुछ दिन पहले ही, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की यात्रा से लौटा हूं। वहां भारत ने अनेक तरह के समझौते किए, जिनकी बहुत चर्चा हुई है।
लेकिन एक विषय ऐसा है, जिस पर उतनी बात नहीं हुई। ये विषय मेरे देश के और विशेषकर हरियाणा के युवाओं से जुड़ा हुआ है, और वो विषय है- खेलकूद, स्पोर्ट्स का।” उन्होंने कहा कि आज भारत में स्पोर्ट्स को फिटनेस और रोजगार का बड़ा माध्यम बनाया जा रहा है। हमारी सरकार ने नई नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी, खेलो भारत नीति भी बनाई है। खेलो इंडिया अभियान से लेकर टॉप्स स्कीम तक, आज खिलाड़ियों को अभूतपूर्व सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें हजारों रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।
यहां हरियाणा में भी, भाजपा सरकार, खेल और खिलाड़ियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है।
उन्होंने हरियाणा के युवाओं को 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स (राष्ट्रमंडल क्रीडाओं) की मेजबानी तथा 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के दावे के लिए भारत की ओर से की जा रही “पूरी तैयारी” की याद दिलायी।उन्होंने कहा, ‘ इसलिए, हर खिलाड़ी को ज़ोरदार तैयारी करनी है, पूरा दमखम लगाना है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, कि डबल इंजन की बीजेपी सरकार आपको हर सुविधा देगी।” श्री मोदी ने कहा कि जो 2036 के ओलंपिक को देखना चाहते हैं उन्हें इस समय 5 से 12-15 वर्ष की उमर के बच्चों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘ एक बात और भी बता दूं, आने वाले समय में अहमदाबाद में, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स भी होने वाले हैं। मैं हरियाणा के साथियों से कहूंगा, कि आप इसके लिए भी खूब तैयारी कीजिए। मुझे पक्का विश्वास है, हरियाणा के बेटे-बेटियां, हमेशा की तरह इनमें भी अपना परचम लहराएंगे।”

