कोलकाता (पश्चिम बंगाल), 11 मई (वार्ता) हाल ही में हुई बंगाल टी20 लीग पुरुष नीलामी में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने कई अहम खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी सबसे बड़ा नाम रहे, इसके अलावा आलराउंडर करण लाल को भी टीम ने अपने साथ जोड़ा है। आगामी सीजन से पहले घरेलू क्रिकेट के कई प्रमुख खिलाड़ियों के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इसी क्रम में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने भी अनुभव, घरेलू प्रदर्शन और उभरती प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण तैयार करते हुए अपनी टीम को अंतिम रूप दिया।
सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की खरीद में सबसे चर्चित नाम भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का रहा, जिन्हें 5.20 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। वहीं बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल को 2.50 लाख रुपये में खरीदा गया। फ्रेंचाइजी ने करण लाल के लिए भी जोरदार बोली लगाते हुए उन्हें 8 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा, जिससे वह बंगाल टी20 लीग पुरुष नीलामी के शीर्ष 10 सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे।
नीलामी को लेकर सर्वोटेक स्पोर्ट्स के डायरेक्टर ऋषभ भाटिया ने कहा कि, “हम सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स के लिए नीलामी के परिणाम से बेहद संतुष्ट हैं। हमारा उद्देश्य ऐसी मजबूत और संतुलित टीम बनाना था, जिसमें अनुभव और युवा प्रतिभा का सही मिश्रण हो। मोहम्मद शमी, करण लाल और ईशान पोरेल जैसे खिलाड़ियों के जुड़ने से हमारी टीम को काफी मजबूती और गहराई मिली है।” टीम की रणनीति पर बात करते हुए सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स के रणनीतिकार चैतन्य नंदा ने कहा, “हम नीलामी में स्पष्ट रणनीति के साथ उतरे थे और ऐसे खिलाड़ियों पर ध्यान दिया जो टूर्नामेंट की हर परिस्थिति के हिसाब से सटीक बैठ सकें।
हम ऐसी टीम बनाना चाहते थे, जिसमें बहुमुखी प्रतिभा और मैच जिताने की क्षमता हो। करण लाल और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल करना हमारे संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण था और हमें विश्वास है कि आगामी चुनौतियों के लिए हमारी टीम पूरी तरह तैयार है।” बंगाल टी20 लीग पुरुष नीलामी में ए , ए, बी, अंडर-19 और अंडर-16 वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह लीग स्थापित खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के संतुलन के जरिए बंगाल के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। टीम: शिवम भारती, प्रमोद चंदीला, कौशिक मैती, बादल सिंह बल्यान, आकाश दास, आदित्य सिंह, शशि शंकर सिंह, ईशान पोरेल, आकाश दीप, विशाल भाटी, मोहम्मद शमी, करण लाल, सुदीप चटर्जी, अभिषेक बोस, स्नेहाशीष साहा, गीत पुरी

