खेत पर सो रहे किसान पर सियार का जानलेवा हमला

छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बूढ़ा बांध के पास सोमवार सुबह खेत पर सो रहे एक किसान पर सियार ने अचानक हमला कर दिया, जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। 38 वर्षीय किसान बंधु कुशवाहा ने अपनी जान बचाने के लिए सियार का मुंह पकड़कर उसे दूर फेंका, लेकिन इस दौरान उसके हाथों में गहरे घाव आ गए। किसान को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गठेवरा गांव निवासी बंधु कुशवाहा अपने छोटे भाई गज्जू के साथ खेत की रखवाली कर रहे थे। सुबह करीब 6 बजे जब गज्जू खेत में पानी लगा रहा था और बंधु खटिया पर सो रहे थे, तभी एक सियार ने उनके कपड़े खींचना शुरू कर दिया। जब बंधु ने देखा तो सियार ने सीधे सिर पर काटने के लिए हमला कर दिया। किसान ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत अपने दोनों हाथों से सियार का मुंह पकड़ लिया और उसे लगभग पांच फीट दूर फेंक दिया।

हालांकि, सियार ने हिम्मत नहीं हारी और दोबारा हमला किया। सिर को बचाने के प्रयास में सियार ने बंधु के दोनों हाथों में काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। किसान ने शोर मचाकर भाई गज्जू को बुलाया और परिजनों को सूचना दी। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. आशीष शुक्ला ने उन्हें इलाज के लिए वार्ड में भर्ती किया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में जंगली जानवरों के हमलों को लेकर दहशत का माहौल है।

Next Post

मुरैना कलेक्टर ने वीडियो कॉल पर ही चेक कर डाली हाजिरी और जो गायब मिले उन्हें सस्पेंड कर दिया

Mon Nov 10 , 2025
मुरैना। मुरैना कलेक्टर ने सोमवार को सभी तहसीलदारों एवं जनपद सीईओ के माध्यम से वीडियो कॉलिंग द्वारा सचिव एव पटवारियों की उपस्थिति जांची। जांच में कई सचिव एवं पटवारी निर्धारित समय 11 बजे से 1 बजे के मध्‍य मुख्‍यालय पर अनुपस्थित पाए गए, जिन पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से […]

You May Like