
रीवा।रीवा के संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ जूनियर डॉक्टर पर मरीज के परिजन को मारने का आरोप है. कक्षा 12 के छात्र का आरोप है कि उसे कमरा बंद करके पीटा गया. मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और अमहिया थाने में लिखित शिकायत की है.
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए अस्पताल में भर्ती मरीज की अटेंडर आदित्य सिंह ने बताया कि उनकी दादी श्याम पटेल किडनी की बीमारी से ग्रसित हैं. उन्हें मंगलवार को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार की दोपहर मरीज के परिजन उन्हें सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शिफ्ट करना चाह रहे थे. जिसके लिए तमाम फॉर्मेलिटीज भी परिजनों द्वारा पूरी कर ली गई थी. मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ आशुतोष सहित एक अन्य चिकित्सक ने मरीज के परिजन आदित्य सिंह पिता भूपेंद्र सिंह के साथ वाद-विवाद शुरू कर दिया. कुछ ही क्षणों में मामले ने इतना तूल पकड़ा कि डॉक्टर मरीज के परिजन को घसीटते हुए अपने केबिन ले गए और उसके साथ वहां जमकर मारपीट की. मामले की जानकारी मिलते ही मरीज के अन्य परिजन और अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे और मामले को दबाने का प्रयास करने लगे. वहीं मरीज के परिजन इस बात पर अड़े रहे की मारपीट करने वाले चिकित्सकों पर प्रबंधन और पुलिस कार्यवाही करें.
