
सीधी। जिला अस्पताल परिसर में आज शव रखकर परिजनों द्वारा कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और उनकी समझाइस पर परिजनों का हंगामा समाप्त हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के बाईपास मड़रिया में संदिग्ध हालत में इंद्रा नगर निवासी लल्ला साकेत उम्र 50 वर्ष के शुक्रवार की रात मिलने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां परीक्षण के पश्चात डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। आज सुबह मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर वह काफी संख्या में अस्पताल पहुंच गये। परिजनों का आरोप था कि सुनियोजित तरीके से लल्ला साकेत की हत्या कर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। परिजनों ने कहा कि शुक्रवार को लल्ला अपने काम पर गया था और शाम को घर लौटा। इसके बाद एक फोन कॉल आने पर वह घर से बाहर चला गया। रात में जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों द्वारा उसके मोबाइल पर लगातार रिंग की जाती रही, किन्तु उसने कॉल रिसीव नहीं किया और आज सुबह जिला अस्पताल में उसका शव होने की सूचना मिली। मृतक की पत्नी एवं बेटी समेत अन्य परिजनों का आरोप था कि लल्ला साकेत की हत्या की गई है और उसको सडक़ एक्सीडेंट बताकर जिला अस्पताल में पहुंचा दिया गया। इसलिये पुलिस इस पूरे मामले की गहराई के साथ जांच करे और दोषियों के विरूद्ध आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी करे। मौके पर अधिकारियों के समझाइस के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिये राजी हुये। परिजनों द्वारा शुरू में शव को अस्पताल तिराहा में ले जाकर चक्काजाम करने का प्रयास किया जा रहा था, बाद में पुलिस की समझाइस पर शव को अस्पताल के बाहर रखकर घंटो हंगामा किया गया।
इनका कहना है-
इंद्रा नगर निवासी लल्ला साकेत की मौत सडक़ हादसे में होने पर कोतवाली थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। परिजनों की मांग पर भी विवेचना की जायेगी और जो भी साक्ष्य सामने आयेगा उसमें कार्यवाई सुनिश्चित की जायेगी।
कन्हैया सिंह, टीआई कोतवाली थाना सीधी
