इंदौर: आईडीए द्वारा शहर में 7 नई आवासीय योजनाओं के माध्यम से नए इंदौर का निर्माण किया जा रहा है. उक्त योजनाओं में 1200 हैकटेयर जमीन का विकास किया जाएगा. 3 हजार करोड़ रुपए की लागत से 45 किलोमीटर लंबी सड़को का निर्माण कार्य चल रहा है. साथ ही उक्त योजनाओं में शामिल निजी जमीन मालिक से लैंड पुलिंग एक्ट के तहत काम किया जा रहा है.
आईडीए द्वारा नई टीपीएस योजनाओं के माध्यम से शहर के विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है. प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न हिस्सों में 7 नई टीपीएस योजनाएं लाई गई है. आईडीए लगभग 1200 हेक्टेयर क्षेत्र में टीपीएस योजनाए विकसित कर रहा है. उक्त योजनाओं के विकास पर पर 3 हजार करोड़ रुपए से अधिक का व्यय किया जा रहा है। टीपीएस 1, टीपीएस 3, टीपीएस 4, टीपीएस 5, टीपीएस 8, टीपीएस 9 एवं टीपीएस 10 में मास्टर प्लान सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है.
इन सभी योजनाओं में लगभग 45 किलोमीटर लंबी मास्टर प्लान सड़क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है. इनमें से सर्वाधिक 12 किलोमीटर सड़क का निर्माण टीपीएस 8 में किया जाना है. उक्त योजना में सिंहस्थ के दृष्टिकोण से सबसे महत्वपूर्ण सड़क एम आर 12 का निर्माण किया जा रहा है. एमआर 12 सड़क की लंबाई 9.5 किमी है, जो बायपास को सीधे उज्जैन रोड से जोड़ती है. इस सड़क का निर्माण हो जाने से दूसरे शहरों से उज्जैन जाने के लिए नागरिक इस सड़क से सीधे बाईपास से उज्जैन रोड पर पहुंच जाएंगे.
पहले चरण में मास्टर प्लान की सड़कें
मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि सभी योजनाओं में अभी पहले चरण में मास्टर प्लान की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. मुख्य सड़कों का कार्य पूरा होने के बाद सभी योजनाओं में 24 मीटर और 18 मीटर की चौड़ाई वाली सड़कों का निर्माण शुरू किया जाएगा.साथ ही उन्होंने बताया कि सभी योजनाओं में प्राधिकरण द्वारा 56 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट का विकास किया जा रहा है. ग्रीन बेल्ट में पहली बार किड्स प्ले जोन भी बनाया जाएगा.
