इंदौर: निगम आयुक्त ने बुधवार को बीआरटीएस सड़क की रेलिंग और बस स्टॉप हटाने के कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से डिवाइडर निर्माण और बीआरटीएस से रैलिंग, बस स्टॉप और पेंच वर्क की सिलसिलेवार जानकारी मांगी. अधिकारियों ने बताया कि 8 बस स्टॉप हटा दिए गए है और 650 मीटर रैलिंग हटाना शेष है.आज आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा शहर में मास्टर प्लान की सड़कों एवं बीआरटीएस पर चल रहे निर्माण एवं सुधार कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने बस स्टॉप एवं रेलिंग, भीम, कालम हटाने के कार्य का मौका निरीक्षण किया. साथ ही तत्काल सफाई, पेचवर्क एवं सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
ध्यान रहे कि राजीव गांधी चौराहे से निरंजनपुर चौराहे तक 10.05 किलोमीटर लंबे बीआरटीएस कॉरिडोर पर 17 बस स्टॉप है. नगर निगम ने विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से 08 बस स्टॉप हटा दिए है. उक्त स्थानों पर रोड समतलीकरण एवं डामरीकरण का कार्य भी हो चुका है. साथ ही 3 बस स्टॉप को हटाने का कार्य चल रहा है. इसी तरह नवलखा चौराहा से होल्कर साइंस कॉलेज के बीच 650 मीटर को छोड़कर बाकी बीआरटीएस सड़क से दोनों ओर से रेलिंग हटाने का कार्य निगम ने कर दिया है. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, अधीक्षण यंत्री पी.एस. कुशवाह, उपयंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, पराग अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
मास्टर प्लान की सड़कों का किया दौरा
आयुक्त ने निर्माणाधीन मास्टर प्लान की मुसाखेड़ी चौराहे से सांवरिया मंदिर सर्विस रोड, मालवीय नगर गली नंबर 02, एमआईजी से रिंग रोड तक लिंक रोड, एमआर-04 भंडारी ब्रिज से बाणगंगा ब्रिज और जावरा कंपाउंड क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए
